पंजाब के औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख उद्योगपतियों को राज्य में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान रविवार को मुंबई पहुंचे। मुख्यमंत्री भगवंत मान का बंबई पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस दो दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री कल प्रमुख निवेश कंपनियों के व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों और प्रबंधकों से मुलाकात करेंगे I
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान प्रमुख क्षेत्रों में रणनीतिक समन्वय के लिए प्रमुख व्यापारियों से मुलाकात करेंगे I अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान अगले महीने मोहाली के एसएएस नगर में होने वाली इनवेस्ट पंजाब कांफ्रेंस में शामिल होने के लिए उद्योगपतियों को पंजाब आने का न्यौता भी देंगे।
इस बीच, मुंबई पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने पंजाब को देश के औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने के लिए अपनी सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस बड़े कार्य के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य को औद्योगिक विकास के उच्चतम स्तर पर ले जाने के लिए सार्थक प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पंजाब में एक फिल्म सिटी स्थापित करने पर भी विचार कर रही है। भगवंत मान ने कहा कि फिल्म उद्योग के उनके ज्यादातर दोस्त मुंबई में रहते हैं, इसलिए उन्होंने उनसे पंजाब में अपना कारोबार खोलने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पंजाबी फिल्म उद्योग पहले से ही बहुत बड़ा है और यह प्रस्तावित फिल्म सिटी इसे व्यापक रूप से विस्तार करने का अवसर देगी।
मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि इस दौरे से एक ओर प्रदेश के औद्योगिक विकास को प्रोत्साहन मिलेगा तो दूसरी ओर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। भगवंत मान ने कहा कि वह मुंबई में उद्योगपतियों को अवसर और विकास की भूमि के रूप में पंजाब दिखाएंगे। पंजाब देश में सबसे पसंदीदा निवेश गंतव्य है और राज्य में नए निवेश आकर्षित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।